असम विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। मंगलवार सुबह निर्मला सीतारमण ने भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया, जिसमें कुल 31 बड़े वादे शामिल हैं।
संकल्प पत्र जारी करते हुए उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने अब तक 77 बार नॉर्थ ईस्ट का दौरा किया है, जबकि कांग्रेस के एक पूर्व प्रधानमंत्री ने असम का 10 बार भी दौरा नहीं किया।

वहीं असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बड़ा चुनावी वादा करते हुए कहा कि अगर भाजपा की सरकार दोबारा बनती है, तो अगले 5 सालों में राज्य में 2 लाख नौकरियां दी जाएंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि असम में यूनिफॉर्म सिविल कोड यानी UCC लागू किया जाएगा, हालांकि छठी अनुसूची और ST क्षेत्रों को इससे बाहर रखा जाएगा।
सीएम सरमा ने “लव जिहाद” के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और राज्य को बाढ़ मुक्त बनाने का भी वादा किया। इसके लिए पहले दो वर्षों में 18 हजार करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है।

इधर तमिलनाडु में विजय और उनकी पार्टी TVK के करीब 5 हजार कार्यकर्ताओं के खिलाफ चुनाव आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत के अनुसार, रैली में बिना अनुमति 30 लाउडस्पीकर का इस्तेमाल किया गया, एंबुलेंस का रास्ता रोका गया और 5 हजार से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटाई गई।

वहीं केरल में राहुल गांधी ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि कांग्रेस उस दिन का इंतजार कर रही है, जब केरल में एक महिला मुख्यमंत्री बनेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि राज्य की महिलाएं अपने सपनों को पूरा करें और उन्हें पूरी स्वतंत्रता मिले।
इस बीच हिमंता बिस्वा सरमा ने एक बार फिर भरोसा जताते हुए कहा कि असम की जनता भाजपा के साथ है और पार्टी इस बार अधिकतम वोट हासिल करेगी।
उन्होंने कहा कि देश का Gen Z भी भाजपा के साथ खड़ा है और असम को विकास के नए आसमान तक ले जाया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन