Sutralok / Tue, Jan 20, 2026
टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। पाकिस्तानी चैनल जियो न्यूज ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि अगर बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किया जाता है, तो पाकिस्तान भी टी-20 वर्ल्ड कप से अपना नाम वापस ले सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, PCB ने फिलहाल टूर्नामेंट की तैयारियां रोक दी हैं और टीम मैनेजमेंट को सब्सटिट्यूट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पाकिस्तान के हटने की स्थिति में हालात संभाले जा सकें। हालांकि, अब तक PCB या ICC की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ, जब बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्याओं के बाद BCCI के निर्देश पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 से रिलीज कर दिया।
इस फैसले से नाराज बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भारत में अपने मैच खेलने पर आपत्ति जताई और ICC से वेन्यू और ग्रुप बदलने की मांग करने लगा।

क्रिकेट वेबसाइट क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार, ICC ने BCB को 21 जनवरी तक यह तय करने को कहा है कि बांग्लादेश टी-20 वर्ल्ड कप में खेलेगा या नहीं।
17 जनवरी को ढाका में हुई बैठक में ICC ने BCB की ग्रुप बदलने की मांग को खारिज कर दिया। ICC ने यह भी भरोसा दिलाया कि बांग्लादेश टीम को कोई विशेष सुरक्षा खतरा नहीं है।
BCB ने ग्रुप-C की जगह ग्रुप-B में शामिल करने की मांग की थी, ताकि टीम अपने सभी मैच श्रीलंका में खेल सके और यात्रा व सुरक्षा से जुड़ी परेशानियां कम हों।
मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर किए जाने के बाद बांग्लादेश सरकार ने अपने देश में IPL मैचों के प्रसारण पर रोक लगा दी। इसके बाद खिलाड़ियों की सुरक्षा का हवाला देते हुए 7 फरवरी से शुरू होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के मैचों का वेन्यू बदलने की मांग भी की गई।

टी-20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश को ग्रुप-C में रखा गया है।
7 फरवरी: बांग्लादेश बनाम वेस्टइंडीज
9 फरवरी: बांग्लादेश बनाम इटली
14 फरवरी: बांग्लादेश बनाम इंग्लैंड
ये तीनों मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जाएंगे।
ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला 17 फरवरी को मुंबई में नेपाल के खिलाफ होगा।
IPL 2026 के मिनी ऑक्शन (16 दिसंबर) में KKR ने मुस्तफिजुर रहमान को ₹9.20 करोड़ में खरीदा था। लेकिन बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या की घटनाओं के बाद भारत में उनके खिलाफ विरोध शुरू हो गया।

अब तक 7 हिंदुओं की हत्या की पुष्टि हो चुकी है। इसके बाद BCCI ने मुस्तफिजुर को IPL खेलने की अनुमति नहीं दी और 3 जनवरी को KKR ने उन्हें रिलीज कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन